
सिंगरौली, प्रतिबंधित मार्गों से फ्लाई ऐश (राखड़) का परिवहन करने वाले भारी वाहनों के विरुद्ध यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। 25 अक्टूबर की रात चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 10 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी यातायात के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी गई। इस दौरान प्रतिबंधित मार्ग से राखड़ परिवहन करते मिले 10 वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रतिबंधित मार्गों पर भारी वाहनों के अनधिकृत आवागमन पर रोक लगाना, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। पुलिस ने वाहन चालकों एवं संचालकों से निर्धारित मार्गों और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों के निर्देशानुसार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी सघन जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
