
जबलपुर । गुरुवार 19 मार्च को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 193वीं बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी उपस्थितों का बैठक में हार्दिक स्वागत करते हुए बताया कि माननीय मंडल रेल प्रबंधक के कुशल नेतृत्व में जबलपुर मंडल पर रेल परिचालन के साथ-साथ भारत सरकार की राजभाषा नीतियों का प्रभावी कार्यान्वयन उत्तरोत्तर प्रगति पर है। उन्होंने मंडल पर राजभाषा विभाग के तिमाही के दौरान आयोजित संगोष्ठियों, महान साहित्यकारों की जयंतियों, तथा कार्यशालाओं की जानकारी दी तथा बताया कि मंडल पर राजभाषा पखवाड़ा 2025 के दौरान 10 अधिकारियों व 50 कर्मचारियों के साथ साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं मैं सफल प्रतिभागियों को मंडल रेल प्रबंधक के कर कमलों से पुरस्कृत किया गया। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि सभी कर्मचारियों द्वारा हिंदी में अनिवार्य रूप से मंगल फोण्ट का ही उपयोग करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगे यह स्पष्ट किया कि राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम के अनुसार स्वयं तथा सहायक द्वारा की बोर्ड पर सीधे टंकण को भी हिंदी डिक्टेशन ही माना जाएगा। उन्होंने उपस्थित शाखा अधिकारियों को यह निर्देश दिया की फाइलों पर जो टिप्पणियां हिंदी में आती हैं उन पर अनिवार्य रूप से अपनी टिप्पणी अथवा आदेश हिंदी में ही दिए जाएं।
