नयी दिल्ली 25 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली एमेच्योर वुशु एसोसिएशन द्वारा आयोजित 23वीं दिल्ली राज्य वुशु चैम्पियनशिप 2026 का आज भव्य शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता 25 से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें दिल्ली भर से लगभग 350 खिलाड़ी एवं 100 से अधिक कोच व अधिकारी भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता दिल्ली की आधिकारिक वुशु चैम्पियनशिप है, जिसका आयोजन दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश दिनांक 26.11.2025 के अनुपालन में किया जा रहा है, जिसके तहत दिल्ली एमेच्योर वुशु एसोसिएशन को वुशु गतिविधियों के संचालन हेतु अधिकृत किया गया है।
तीन दिनों तक चलने वाली इस चैम्पियनशिप में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में सांशो एवं ताओलु स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर का एक्सपोजर प्रदान करना तथा उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन दो बार के एशियन गेम्स पदक विजेता नरेंद्र ग्रेवाल द्वारा किया गया, जिन्होंने 2014 एवं 2018 एशियन गेम्स में कांस्य पदक प्राप्त किए हैं। इस अवसर पर डीवी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन ठाकुर धरमपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन रविंदर कुमार, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी हितेंद्र सिंह, दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विपिन कुमार सैनी, यूएफसी खिलाड़ी एवं पूर्व राष्ट्रीय वुशु पदक विजेता पवन मान, तथा दिल्ली सरकार के गवर्नमेंट सर्वोदय विद्यालय के मार्शल आर्ट्स सेंटर के प्रभारी सत्यनारायण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं तथा उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। चैम्पियनशिप के माध्यम से खिलाड़ियों को एक मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक मंच मिलेगा, जिससे वे अपने खेल कौशल को निखार सकेंगे और देश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

