सोफिया, 25 अक्टूबर (वार्ता) बुल्गारिया में राष्ट्रपति चुनने के लिए रविवार को मतदान हो रहा है। चुनाव प्रचार में अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताओं और काला सागर में जहाजों पर ड्रोन हमलों के मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे।
पिछले अप्रैल में संसदीय चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी प्रधानमंत्री रुमेन रादेव की प्रोग्रेसिव बुल्गारिया पार्टी के लिए यह चुनाव पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है।
इसमें रिकॉर्ड 27 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला दूसरे दौर तक पहुंचने की उम्मीद है। इसमें मौजूदा राष्ट्रपति इलियाना योतोवा और पूर्व कार्यवाहक प्रधानमंत्री आंद्रेई ग्यूरोव के बीच मुकाबला होने की संभावना है। सुश्री योतोवा को रादेव की पार्टी का समर्थन प्राप्त है। वह रूस के साथ बातचीत की पक्षधर हैं और यूक्रेन को सैन्य सहायता देने का विरोध करती हैं। श्री ग्यूरोव को पश्चिम समर्थक विपक्षी दलों का समर्थन हासिल है।
चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में सुश्री योतोवा को 41 से 47 प्रतिशत और श्री ग्यूरोव को 28 से 31 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। रूस समर्थक धुर दक्षिणपंथी वज्राझदाने पार्टी के नेता कोस्तादिन कोस्तादिनोव 10 से 13 प्रतिशत समर्थन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
चुनाव प्रचार में रूस के यूक्रेन पर आक्रमण और काला सागर में बढ़ते सैन्य तनाव पर विशेष ध्यान दिया गया। बुल्गारिया के तट के पास हाल में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए ड्रोन हमलों ने यूरोपीय संघ और नाटो के सदस्य इस देश की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
इन हमलों से संघर्ष को और बढ़ाने की रूस की मंशा को लेकर आशंकाएं पैदा हुई हैं। इसके बाद सरकार ने समुद्री सुरक्षा मजबूत करने के लिए अपने सहयोगी देशों से सहायता भी मांगी है। उम्मीदवारों ने ऊर्जा की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर जनता की चिंताओं को दूर करने पर भी जोर दिया है। खासकर ग्रामीण इलाकों में कई परिवारों को रोजमर्रा के खर्च पूरे करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

