
पेरिस : फ्रांस में महंगाई, स्कूलों की बदहाली और पुलिस की सख्ती के खिलाफ शनिवार को 4 लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर उतरे, जिनमें पेरिस में करीब 1.10 लाख लोग शामिल थे। पेरिस में मार्च शांतिपूर्ण रहा, लेकिन अंत में नकाबपोशों के पत्थर, बोतलें और पटाखे फेंकने पर पुलिस ने आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज किया। लियोन, लिली, नांत, टूलूज और मार्सेई में भी झड़पें हुईं और गृह मंत्रालय के अनुसार देशभर में करीब 1,000 लोग गिरफ्तार हुए। हिंसा की आशंका में 70 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात थे, पिछले शनिवार की हिंसा में 2,700 लोग गिरफ्तार हुए थे। आंदोलन सितंबर में हाईस्कूल के छात्रों के प्रदर्शन से शुरू हुआ था और अब मैक्रों सरकार के खिलाफ व्यापक असंतोष बन गया है।
