
मंदसौर। भानपुरा पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत गरोठ-भानपुरा आम रोड पर कार्रवाई करते हुए 250 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 25.10 लाख रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण (23) और गोविंद (22), निवासी बरड़िया बामनी, के कब्जे से 250 ग्राम एमडी, 5 किलो डोडाचूरा, बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक और दो एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए गए। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मादक पदार्थ उपलब्ध कराने के आरोप में महेंद्र सिंह (28), निवासी चांदखेड़ी-बोलिया, को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, महेंद्र सिंह को ये मादक पदार्थ ईश्वर सिंह, निवासी धामनिया, थाना सुवासरा ने उपलब्ध कराए थे। ईश्वर सिंह की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में जब्त बाइक की कीमत 50 हजार रुपए और दोनों मोबाइल की कीमत 15 हजार रुपए बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुंदेला एवं पुलिस टीम ने की।
