कंचन ज्वेलर्स डकैती कांड का आखिरी आरोपी भी गिरफ्तार

सिंगरौली: जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में 17 सितंबर को हुई डकैती के मामले में पुलिस ने छठवें और अंतिम आरोपी राहुल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। चेन्नई से लौटकर दोबारा जाने की तैयारी कर रहे राहुल को जयंत पुलिस ने साइबर सेल और आरपीएफ जबलपुर की मदद से रेलवे स्टेशन से पकड़ा। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में शामिल सभी छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
एक महीने पहले तैयार की थी डकैती की योजना
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से करीब एक महीने पहले साजिश रची थी। झारखंड के गढ़वा जिले में हथियारों के बल पर दो अपाचे मोटरसाइकिलें लूटी गईं, जिन्हें उत्तर प्रदेश के अनपरा में पहुंचाया गया। 14 सितंबर को डकैती की योजना बनाई गई, लेकिन दुकान में ग्राहकों की भीड़ देखकर आरोपी लौट गए। इसके बाद 17 सितंबर को शक्तिनगर पार्क में जुटकर योजना को अंतिम रूप दिया। बदमाशों ने वारदात से पहले तीन बार दुकान की रेकी की थी।
विरोध करने पर कर्मचारी को मारी थी गोली
17 सितंबर की शाम करीब 5.50 बजे बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में हथियारबंद बदमाश घुस गए। संचालक अखिलेश कुमार वर्मा और कर्मचारियों को पिस्टल व देशी कट्टे के बल पर धमकाकर मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण और करीब 2.50 लाख रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर संचालक के सिर पर हथियार के बट से वार किया गया। कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उसके हाथ पर गोली मार दी गई। चार आरोपी दुकान के भीतर लूटपाट कर रहे थे, जबकि दो बाहर निगरानी में लगे थे। वारदात के बाद सभी दो अपाचे मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।
सीसीटीवी और अंतरराज्यीय समन्वय से मिली सफलता
वारदात के बाद आरोपियों ने अनपरा में कपड़े और जूते-चप्पल बदले तथा रेणुकूट के जंगल क्षेत्र में लूट का माल बांट लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर मध्यप्रदेश सहित उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाश की। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फरार राहुल की लोकेशन संबंधी जानकारी जुटाई गई। चेन्नई से लौटने के बाद उसके दोबारा वहां जाने की आशंका पर जबलपुर में निगरानी बढ़ाई गई। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर 11 सोने के जेवर, चांदी की दो मूर्तियां, 4,750 रुपये नकद, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।
कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी हेमंत सिंह चौहान के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज के.एम. के नेतृत्व में की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार सिंह और जयंत चौकी प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह सहित पुलिस टीमों की भूमिका रही।

Next Post

केरल के विधायक की कार दुर्घटनाग्रस्त; सभी सुरक्षित बचे

Sat Oct 24 , 2026
मलप्पुरम, 24 अक्टूबर (यूएनआई) केरल के मलप्पुरम जिले के कोइचाना में नेशनल हाईवे 66 पर शनिवार तड़के थ्रिकरपुर के विधायक संदीप वारियर की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में विधायक सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। यह हादसा रात करीब दो बजे हुआ, जब चलती कार […]

You May Like