
ग्वालियर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राहत देते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
रेल प्रशासन के अनुसार 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित होने वाली पीईटी परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी।
अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी से प्रयागराज के लिए प्रतिदिन दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें महोबा, बांदा, अतर्रा, चित्रकूटधाम कर्वी, मानिकपुर और नैनी स्टेशनों पर रुकेंगी।
इसी तरह झाँसी से कानपुर सेंट्रल के लिए दो अनारक्षित स्पेशल दोपहर 1:20 बजे और शाम 6:30 बजे रवाना होंगी, जिनका ठहराव उरई, कालपी, पुखरायां, भीमसेन और गोविंदपुरी में होगा।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 14123 मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़-चित्रकूट का संचालन परीक्षा समय को ध्यान में रखकर किया जाएगा। वहीं 24, 29 और 31 अक्टूबर को झाँसी से मथुरा के लिए शाम 7 बजे एकतरफा स्पेशल चलाई जाएगी, जो दतिया, डबरा, ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर और आगरा कैंट होते हुए जाएगी।
