दंदरौआधाम में बड़ा हादसा: इमारत का बरामदा समेत छज्जा गिरा, पत्थर लगने से युवक घायल

भिंड। मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध दंदरौआधाम मंदिर परिसर में बीती रात संस्कृत विद्यालय की बिल्डिंग का बरामदा सहित छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के दौरान मलबे में शामिल पत्थर की चपेट में आने से प्रशांत कटारे नामक युवक के पैर में चोट लग गई। हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
दंदरौआधाम मंदिर परिसर में इन दिनों टाइल्स लगाने का काम चल रहा है। इसी दौरान संस्कृत विद्यालय की करीब 50 साल पुरानी बताई जा रही बिल्डिंग का छज्जा अचानक गिर गया। बताया जा रहा है कि छज्जा लंबे समय से क्षतिग्रस्त हालत में था। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान उसके गिरने से भवन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिस समय छज्जा गिरा, उस दौरान प्रशांत कटारे अपने कमरे से निकलकर सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था। तभी ऊपर से गिरे मलबे का एक पत्थर उसके पैर पर आ लगा, जिससे वह घायल हो गया। अचानक छज्जा गिरने की आवाज से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। हादसे के बाद मौके पर मेहगांव एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी पहुंचे एवं मंदिर के रामबरन पुजारी से बातचीत की।
घटना के बाद मंदिर प्रबंधन ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। हादसे में युवक के घायल होने के बाद पुरानी बिल्डिंग की स्थिति और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Next Post

फल-सब्जी मंडी पहुंचे मंडी बोर्ड के आयुक्त

Fri Oct 23 , 2026
इंदौर. मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आयुक्त सह प्रबंध संचालक राघवेन्द्र सिंह ने गुरुवार को देवी अहिल्याबाई होलकर फल एवं सब्जी मंडी का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मंडी की व्यवस्थाओं, किसानों और व्यापारियों को मिल रही सुविधाओं, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने किसानों से चर्चा […]

You May Like