इंदौर: शहर में सीवरेज व्यवस्था सुधारने के नगर निगम के तमाम दावों के बीच एक ऐसी गंभीर समस्या सामने आई है, जो हैरान करने वाली है. जहां शहर भर में तमाम विकास कार्य किए जा रहे हैं, वहीं शहर में एक ऐसा क्षेत्र भी है, जहां करीब ढाई दशक से सीवरेज और ड्रेनेज लाइन ही नहीं डाली गई है.खजराना के वार्ड क्रमांक 39 अंतर्गत आने वाली हारून कॉलोनी में करीब 25 वर्ष पूर्व प्लॉट काटकर बसावट की गई थी, लेकिन यहां सीवरेज और ड्रेनेज लाइन ही नहीं डाली गई. बैकलाइन में स्थायी सीवरेज पाइपलाइन न होने से गंदा और बदबूदार पानी जमा हो रहा है.
रुके हुए पानी में कीड़े और मच्छर पनप रहे हैं, जिससे इलाके में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. साथ ही बेक लाइन में जंगली पौधों और बेलों के झुंड भी समस्या बढ़ा रहे हैं. थोड़ी सी बारिश में बैकलाइन का गंदा पानी सड़कों पर आ जाता है. नियमित सफाई न होने के कारण रहवासियों को अपने खर्चे पर सफाई करवानी पड़ती है. अन्यथा गंदगी घरों में वापस भरने लगती है. थोड़ी सी बारिश में बैकलाइन का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है. निकासी का स्थायी इंतजाम नहीं होने से सड़कों पर जलभराव की समस्या भी बन जाती है. सीएम हेल्पलाइन और नगर निगम में कई बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हुआ.
यह बोले रहवासी…
पूरा क्षेत्र सीवरेज और ड्रेनेज लाइन की समस्या से परेशान है.सामूहिक एवं अलग-अलग जाकर क्षेत्रवासियों ने पार्षद से लेकर नगर निगम तक शिकायत की, लेकिन आज तक किसी जिम्मेदार ने आकर यहां झांका तक नहीं.
– सोहेल खान
बरसात में बहुत ज्यादा परेशानी बढ़ जाती है. सफाई कर्मी पैसे मांगते हैं. हम पैसे देते हैं, फिर चार दिन बाद वही स्थिति बन जाती है. यह समस्या कई बार पार्षद को भी बताई, वे आश्वासन देते हैं शीघ्र समस्या दूर कराने के, लेकिन कुछ नहीं हुआ.
– शहनाज बी
घरों में गंदा पानी रिटर्न आ रहा है. नौ वर्ष से पार्षद से कह रहे हैं, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ. वह कहते हैं आपके क्षेत्र के लोगों ने मुझे वोट नहीं दिए. फिर भी समस्या दूर करने की कोशिश करूंगा.
– मोहम्मद अशरफ
