
सिंगरौली । जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने आज 22 अक्टूबर को विकासखंड बैढ़न के चार शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान कई अतिथि शिक्षक अनुपस्थित मिले, जबकि शिक्षकों की दैनंदनी भी अपूर्ण पाई गई। लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए अनुपस्थित अतिथि शिक्षकों के मानदेय में कटौती के आदेश जारी किए गए। वहीं बिना स्वीकृत अवकाश अनुपस्थित पाए गए, नियमित शिक्षकों के वेतन काटने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान शाप्रावि धुम्माडाड़ में सभी शिक्षक उपस्थित मिले। विद्यार्थियों से हिंदी, गणित और वर्णमाला संबंधी प्रश्न पूछे गए, जिनके उत्तर संतोषजनक रहे। हालांकि अंग्रेजी पढ़ने में बच्चों को कठिनाई हुई। इस पर शिक्षकों को अंग्रेजी विषय पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
शिक्षकों की अपूर्ण दैनंदनी पर फटकार
शाउमावि माड़ा में प्रार्थना सभा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था नहीं मिली। प्रभारी प्राचार्य को आगामी प्रार्थना सभा में साउंड सिस्टम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यहां तीन अतिथि शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, जिनके मानदेय में कटौती के आदेश जारी हुए। वहीं शाउमावि कोयलखूँथ में प्रभारी प्राचार्य किरण साकेत और प्राथमिक शिक्षक रामलल्लू रैदास बिना सक्षम अधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित मिले। दोनों का तीन दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। तीन अतिथि शिक्षक भी अनुपस्थित पाए गए। शिक्षक आरती वर्मा को शिक्षक एप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही शाउमावि रजमिलान में भी तीन अतिथि शिक्षक अनुपस्थित मिले, जिनके मानदेय कटौती के आदेश दिए गए।
