
ग्वालियर। डबरा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट और अनियमित यात्रियों के खिलाफ विशेष एम्बुश चेक अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक आर.के. वर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों से डबरा में उतरने वाले यात्रियों के टिकट चेक किए गए। सघन जांच के कारण बिना टिकट किसी भी व्यक्ति को स्टेशन परिसर में प्रवेश और निकास नहीं करने दिया गया, जिससे बिना टिकट यात्रियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान स्टेशन की टिकट खिड़की पर टिकट लेने वालों की भारी भीड़ देखी गई।
इस दौरान गाड़ी संख्या 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, 19665 उदयपुर सिटी एक्सप्रेस, 11077 झेलम एक्सप्रेस और 12137 पंजाब मेल सहित 6 गाड़ियों में जांच की गई। महिला और दिव्यांग कोचों की विशेष रूप से तलाशी ली गई। अभियान में कुल 37 बिना टिकट, अनियमित यात्रा और गंदगी फैलाने वाले यात्रियों से 19,005 रुपये जुर्माना वसूला गया। टीम में मुख्य टिकट निरीक्षक एम.एल. मीणा, आसिफ अली, ताज अब्बास, ज्योतिक साहू सहित 7 स्टाफ शामिल रहे।
*भिंड-रतलाम एक्सप्रेस का नंबर बदला, अब नए नंबर से होगी संचालित*
ग्वालियर रेल प्रशासन ने भिंड-रतलाम-भिंड एक्सप्रेस के ट्रेन नंबर में परिवर्तन किया है। अब यह ट्रेन नए नंबर 11052/11051 के रूप में संचालित होगी। नई व्यवस्था के अनुसार भिंड से रतलाम जाने वाली ट्रेन संख्या 21126 अब 11052 नंबर से चलेगी। यह बदलाव 02 जनवरी 2027 से लागू होगा। इसी तरह रतलाम से भिंड आने वाली ट्रेन संख्या 21125 अब 11051 नंबर से संचालित होगी, जो 01 जनवरी 2027 से प्रभावी होगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे नई तिथियों के लिए यात्रा की योजना और टिकट बुकिंग करते समय नए ट्रेन नंबरों का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
