12 वें ब्रिक्स संसदीय मंच का मेजबानी करेगा भारत 

नई दिल्ली,12 वें ब्रिक्स संसदीय मंच का आयोजन 26 व 27 अक्टूबर को संसद भवन परिसर के संविधान सदन के केन्द्रीय कक्ष में किया जाएगा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस ऐतिहासिक आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की. उन्होंने इस सम्मेलन को भारत के संसदीय राजनीति के इतिहास में एक नया अध्याय बताते हुए कहा कि ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों की अंतर्राष्ट्रीय मामलों की समितियां संसदीय राजनीति, क्षमता निर्माण और सर्वोत्तम प्रथाओं पर चर्चा करेंगी.

इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय जन-केंद्रित विकास हेतु संसदों का सुदृढ़ीकरण रखा गया है, जिसके तहत वैश्विक संसदीय नेता संसदों के लिए रणनीतिक प्राथमिकताओं पर गहन मंथन करेंगे. 26 अक्टूबर को औपचारिक उद्घाटन से पहले, 25 अक्तूबर 2026 को ही शिष्टमंडलों के सचिवों की एक बैठक होगी, जिसमें 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच के संयुक्त वक्तव्य को अंतिम रूप दिया जाएगा. मुख्य सम्मेलन के दौरान चार उच्च-स्तरीय सत्रों में आम सहमति पर आधारित संवाद का आयोजन किया जाएगा. इनमें पहला सत्र रेजिलिएंस पर आधारित होगा जो बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने हेतु संस्थाओं को सुदृढ़ करने में संसदों की भूमिका पर विचार करेगा. दूसरा सत्र नवोन्मेष के तहत आर्टिफिशल इंटेलिजेंस और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में मानव केन्द्रित सुधारों को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगा. तीसरा सत्र सहयोग के माध्यम से अधिक प्रातिनिधिक वैश्विक शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बात करेगा और चौथा सत्र सस्टेनेबिलिटी यानी देशों का सतत और समावेशी भविष्य सुनिश्चित करने में संसदों की भूमिका पर केंद्रित रहेगा.

इन मुख्य सत्रों के अतिरिक्त, ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों की संसदों की अंतर्राष्ट्रीय मामलों की समितियों के चेयरपर्सनस की एक विशेष बैठक भी बुलाई गई है. लोकसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि दो दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में उच्च स्तरीय पूर्ण सत्रों, समानांतर बैठकों और द्विपक्षीय व बहुपक्षीय संवादों के साथ-साथ पार्लियामेंट्री फ्रेंडशिप ग्रुप्स के बीच भी बातचीत होगी. इसके साथ ही, विदेशी प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और वे भारत की संसद के दीदार करने के साथ ही दिल्ली में सांस्कृतिक भ्रमण का आनंद भी उठा सकेंगे. इस वैश्विक महामंथन का औपचारिक समापन 27 अक्टूबर 2026 को होगा.

इस बेहद महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे और वे विभिन्न देशों से आने वाले आगंतुक शिष्टमंडलों के नेताओं से विशेष भेंट करेंगे. सम्मेलन के दौरान भारत के उपराष्ट्रपति द्वारा गणमान्य अतिथियों के सम्मान में एक राजकीय भोज का आयोजन भी किया जाएगा. इस आयोजन में ब्रिक्स के सदस्य और भागीदार देशों के पीठासीन अधिकारी, संसदीय नेता, केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा के उपसभापति, राज्य विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, संसद सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे.

Next Post

अमेरिका ने कनाडा पर लगाया नवंबर के मध्यावधि चुनावों को प्रभावित करने का आरोप

Thu Oct 22 , 2026
वाशिंगटन, 22 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका ने कनाडा पर तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले अमेरिकी राजनीति को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। अमेरिका ने इसके लिए कनाडाई मंत्रियों और प्रांतीय नेताओं के उन बयानों का हवाला दिया है, जिनमें आयात शुल्क (टैरिफ), ट्रम्प […]

You May Like