नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा ठिकानों पर हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इन्हें अस्वीकार्य बताया है और तुरंत रोकने की मांग की है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि 21 अक्टूबर को दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत हुई है और दो घायल हुए हैं। वहीं, शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक अन्य भारतीय घायल हुआ। भारत ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मंत्रालय ने कहा है कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हर संभव मदद दे रहा है। भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा में वहां की सरकार और जनता के साथ एकजुटता जताई और क्षेत्र में जल्द शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद की।

