विशेष संवाददाता उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को दूसरे दिन देवास जिले के सिंदुरिया गांव की ओर बढ़ी। विजयादशमी पर उज्जैन से भव्य शुभारंभ के बाद सुबह करीब 9 बजे तराना रोड स्थित श्री साईं कुंज कॉलोनी से यात्रा आगे रवाना हुई। इसमें संत-महात्माओं और हजारों समर्थकों ने भाग लिया।
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने धार्मिक संस्थानों में चढ़ावे की पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “चढ़ावे की चोरी करने वालों को पकड़कर जेल भेजिए, उन्हें संरक्षण मत दीजिए। वोट चोरी बंद करो। हमें ईवीएम नहीं चाहिए, हम बैलेट पेपर से चुनाव चाहते हैं।”
यात्रा में उनकी पत्नी अमृता राय भी शामिल हुईं। उन्होंने सनातन धर्म को सत्य, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव के दर्शन और भगवान राम के आदर्शों एवं मर्यादाओं को आपस में जोड़ना है।
करीब 930 किलोमीटर लंबी यह यात्रा उज्जैन से ओरछा स्थित रामराजा सरकार मंदिर होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। इसके प्रमुख उद्देश्यों में धार्मिक चढ़ावे में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, मंदिरों की संपत्तियों और निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग तथा मताधिकार के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना शामिल है।
यात्रा को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती सहित कई धर्मगुरुओं का आशीर्वाद मिला है.
