सिमरन का ‘डबल गोल्ड’, भारत के 14 स्वर्ण सहित 62 पदक

आइची-नागोया, 21 अक्टूबर (वार्ता) आइची-नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 के तीसरे दिन, एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत के पदकों की संख्या 60 के पार पहुँच गई। पहले तीन दिनों के बाद, भारत के पास कुल 62 पदक हो गए हैं, जिनमें 14 स्वर्ण, 22 रजत और 26 कांस्य पदक शामिल हैं। तीसरे दिन के अंत तक भारत के खाते में 5 स्वर्ण, 11 रजत और 11 कांस्य पदक आ चुके थे।

सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 100 मीटर टी12 स्पर्धा में गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए अपना दूसरा पदक जीता। सिमरन पैरा एशियाई खेलों के एक ही संस्करण में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली चौथी भारतीय बन गईं। मंगलवार को उन्होंने महिलाओं की 100 मीटर टी12 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, इससे पहले उन्होंने 200 मीटर स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।

इससे पहले चीन के हांगझोऊ में हुए खेलों के पिछले संस्करण में अंकुर धामा (पुरुषों की 5000 मीटर टी11 और 1500 मीटर टी 11) और शीतल देवी (महिलाओं की व्यक्तिगत कंपाउंड ओपन और मिक्स्ड टीम कंपाउंड ओपन) ने दो-दो स्वर्ण पदक जीते थे।

मौजूदा संस्करण में निषाद कुमार ने भी यह उपलब्धि हासिल की। सोमवार को लंबी कूद (लॉन्ग जंप) टी 47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद, मंगलवार को उन्होंने पुरुषों की ऊंची कूद (हाई जंप) टी47 स्पर्धा में भी पहला स्थान हासिल किया।

मौजूदा चैंपियन दिलीप महादु गावित ने पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में मोहम्मद बासिल ने रजत पदक जीता। प्रवीण कुमार ने पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा में 2.05 मीटर की दूरी तय करके गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता; उनके साथ रजत पदक विजेता बंटी (1.92 मीटर) रहे।

भारत ने पुरुषों की शॉट पुट स्पर्धा में भी अपना दबदबा कायम रखा, जहाँ पैरालंपिक पदक विजेता सचिन खिलारी ने 15.87 मीटर की थ्रो के साथ गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। उनके बाद मोहम्मद यासिर (15.06 मीटर) और परवीन (14.94 मीटर) रहे।

 

 

Next Post

ऋतिक शौकीन के पंजे से दिल्ली को मिली बढ़त

Wed Oct 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) ऋतिक शौकीन के 5 विकेट लेने के कारनामे की मदद से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मैच में पहली पारी की बढ़त के आधार पर गुजरात को पीछे छोड़ दिया। मैच ड्रा रहा। दिल्ली को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन […]

You May Like