रतनगढ़ माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 23 घायल

दतिया: रतनगढ़ माता मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अतरैटा मोड़ के पास पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 23 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 13 घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल दतिया रेफर किया गया। शेष घायल प्राथमिक उपचार के बाद अपने परिजनों के साथ घर लौट गए। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बरेठा गांव के श्रद्धालु विजयादशमी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मां रतनगढ़ के दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भगुवापुरा से कुछ दूरी पर स्थित अतरैटा मोड़ के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर को साइड देने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर मोड़ा, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रॉली में सवार श्रद्धालु घायल हो गए।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, चार एंबुलेंस से दतिया भेजे गए
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल दतिया भेजने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने चार एंबुलेंस की व्यवस्था की। कुल 23 घायलों में से 13 को बेहतर उपचार के लिए दतिया रेफर किया गया।
इन घायलों को किया गया रेफर
जिला अस्पताल दतिया रेफर किए गए घायलों में हरदेवी, मनीषा, रामवती, ममता, संतोष, रामभरोसे, चेतराम, विद्यादेवी, अंगूरी देवी, कैलाश, काशीराम, कोमल एवं चाहत के नाम शामिल हैं।
हादसे में 23 श्रद्धालुओं के घायल होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। हालांकि, समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और उपचार की व्यवस्था होने से उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी।

Next Post

सफल युवा मंडल ने किया नशे रूपी रावण का दहन, युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

Wed Oct 21 , 2026
ग्वालियर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत केंद्र’ ग्वालियर से संबद्ध सफल युवा मंडल द्वारा तिघरा रोड पर एक अनूठी पहल करते हुए ‘नशे के रावण’ का दहन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति […]

You May Like