
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में सोमवार को विजयादशमी एवं दशहरा पर्व पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शानदार आतिशबाजी ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन रहा। इन पुतलों की ऊंचाई क्रमशः 56 फीट, 50 फीट और 50 फीट थी। ग्वालियर से आई प्रसिद्ध आतिशबाजी टीम ने आकर्षक आतिशबाजी का प्रदर्शन कर उत्सव की रौनक बढ़ाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने सभी को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से ईमानदारी और सत्य के मार्ग पर चलने के साथ समर्पण, दृढ़ता तथा सुरक्षा के प्रति सजग रहकर कार्य करने का आह्वान किया।
बीएचईएल लेडीज क्लब की अध्यक्ष रोजी उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मानव संसाधन महाप्रबंधक हेमराम पटेल, दशहरा समिति के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, कर्मचारी और टाउनशिप के निवासी भी शामिल हुए।
समारोह ने भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और सदाचार के शाश्वत मूल्यों का संदेश दिया।
