पुतिन ने यूक्रेन शांति समझौते पर ट्रंप-शी की बैठक का प्रस्ताव रखा

मॉस्को, 20 अक्टूबर (वार्ता) रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक त्रिपक्षीय शिखर बैठक का प्रस्ताव रखा है।

‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने इस चर्चा से जुड़े लोगों के हवाले से बताया है कि यह प्रस्तावित बैठक चीन के शेनझेन में 18-19 नवंबर को होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है। इस प्रस्ताव को हालांकि अभी तक श्री ट्रंप की मंजूरी नहीं मिली है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पुष्टि की है कि एक संभावित बैठक को लेकर बातचीत चल रही है लेकिन इसके स्वरूप या एजेंडे पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। श्री पेस्कोव ने कहा, “बैठक या इसके संभावित एजेंडे को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट समझ नहीं बनी है, हालांकि तीनों पक्ष इस तरह की बैठक होने की संभावना को स्वीकार करते हैं।”

रिपोर्ट के अनुसार पुतिन ने 9 अक्टूबर को श्री ट्रंप के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह विचार रखा था। इस बातचीत के परिणामस्वरूप रूस से अमेरिका को डीजल की आपूर्ति करने का समझौता हुआ, जिसके बाद श्री ट्रंप ने मॉस्को पर लगे प्रमुख प्रतिबंधों को हटाने का फैसला किया। यह प्रस्ताव ऐसे समय में सामने आया है जब इस संघर्ष को लेकर फिर से राजनयिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह संघर्ष अब अपने पांचवें साल में प्रवेश कर चुका है और लड़ाई को खत्म करने के तरीकों को लेकर वाशिंगटन और यूक्रेन की राजधानी कीव के बीच मतभेद बढ़ रहे हैं।

श्री ट्रंप के प्रतिबंधों में ढील देने और डीजल समझौता करने के फैसले की श्री जेलेंस्की ने आलोचना की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि ऐसे कदम श्री पुतिन की स्थिति को मजबूत कर सकते हैं और युद्ध को लंबा खींच सकते हैं। श्री ट्रंप ने यूक्रेनी नेता की आलोचना भी की है और यूक्रेन में चुनाव कराने की मांग की है। इससे कीव पर दबाव और बढ़ गया है, जबकि संघर्ष को समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी हैं।

.....

Next Post

भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन वीरता और कर्तव्य का प्रतीक - डॉ. राजेश मिश्रा

Tue Oct 20 , 2026
सीधी । विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन सीधी स्थित शस्त्रागार में शस्त्र पूजन कार्यक्रम हर्षाेल्लास एवं पारंपरिक श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी सहित उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों […]

You May Like