भोपाल। विजयादशमी के पावन अवसर पर एमपी नगर जोन-1 स्थित नवभारत कार्यालय में विधि-विधान के साथ दशहरा पूजन किया गया। इस अवसर पर नवभारत के प्रबंध संचालक श्री सुमीत जी माहेश्वरी और नवभारत डिजिटल के डायरेक्टर श्री यशोवर्धन जी माहेश्वरी सहित नवभारत और सेंट्रल क्रॉनिकल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पूजन के दौरान संस्थान की निरंतर प्रगति, सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
पूजन के बाद कर्मचारियों को संबोधित करते हुए श्री सुमीत जी माहेश्वरी ने नवभारत की ऐतिहासिक यात्रा और संस्थान की विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनके दादा श्री रामगोपाल जी माहेश्वरी ने वर्ष 1934 में नागपुर से नवभारत की शुरुआत की थी। इसके बाद उनके पिता श्री प्रफुल्ल कुमार जी माहेश्वरी ने मध्य प्रदेश में समाचार पत्र को स्थापित करने और प्रमुख स्थान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप नवभारत आज भी प्रदेश के अग्रणी समाचार पत्रों में शामिल है।
वहीं, श्री यशोवर्धन जी माहेश्वरी ने मीडिया जगत में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए नई तकनीकों से परिचित रहना और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख करते हुए समय के साथ तकनीकी बदलावों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समारोह के दौरान नवभारत और सेंट्रल क्रॉनिकल की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने, आपसी सहयोग और समर्पण के साथ कार्य करने तथा प्रिंट एवं डिजिटल माध्यमों के जरिए पाठकों तक विश्वसनीय समाचार पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम में संस्थान की प्रगति और पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
