
रीवा, विजयादशमी के पावन पर्व पर रीवा पुलिस लाइन परिसर में परंपरागत भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा अर्चना की।
*वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शस्त्र पूजन*
कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा और शस्त्रों के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उप मुख्यमंत्री ने पुलिस बल के आधुनिक और पारंपरिक हथियारों पर तिलक लगाकर, कलावा बांधकर विधिवत पूजन किया और प्रदेश की सुख समृद्धि और सुरक्षा की कामना की।
*गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ आयोजन*
इस अवसर पर संभागायुक्त शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, मनगवां विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता सहित पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे।
*उप मुख्यमंत्री ने दिया सत्य और धर्म का संदेश*
पूजन के बाद उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि शस्त्र पूजन की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। विजयादशमी केवल उत्सव का पर्व नहीं बल्कि संकल्प लेने का दिन है। यह पर्व हमें असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय और अधर्म पर धर्म की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के लिए यह आयोजन कर्तव्य अनुशासन और सुरक्षा की जिम्मेदारी का प्रतीक है। शस्त्र पूजन धर्म सत्य एवं न्याय की रक्षा तथा आत्मरक्षा के लिए शक्ति व साहस के सम्मान को दर्शाता है।
*प्रदेश भर में हुए शस्त्र पूजन कार्यक्रम*
मध्य प्रदेश सरकार की ओर से इस वर्ष विजयादशमी पर प्रदेश के सभी जिलों में भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंदसौर में, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर में और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा में शस्त्र पूजन किया।