
रीवा, नवरात्रि पर्व के समापन के साथ ही रीवा शहर में माता जी की प्रतिमाओं का हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया जा रहा है। जगह-जगह डीजे और ढोल नगाड़ों के साथ माता की प्रतिमाओं को विसर्जन स्थलों तक ले जाया जा रहा है और नम आंखों से विदाई दी जा रही है।
*विसर्जन स्थलों पर नगर निगम की विशेष व्यवस्थाएं*
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देश पर नगर निगम द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर बैरिकेडिंग, लाइटिंग और निगम कर्मचारियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
*करहिया घाट पर बड़ी प्रतिमाओं के लिए हाइड्रा मशीन*
करहिया घाट क्रमांक दो पर बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन हेतु विशेष रूप से हाइड्रा मशीन की व्यवस्था की गई है। बड़ी और भारी प्रतिमाओं को मशीन की सहायता से सुरक्षित तरीके से विसर्जित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
*नगर निगम की श्रद्धालुओं से अपील*
नगर निगम प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और पूजा समितियों से अपील की है कि वे निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें और शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें। निगम ने स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की है।
