
रेहटी। नगर में विजयादशमी के अवसर पर इस वर्ष भव्य दशहरा उत्सव मनाया जाएगा. हिउस के तत्वावधान में 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा. श्रीराम रथ, बजरंग अखाड़े की शोभायात्रा, सामाजिक संगठनों का सम्मान, भव्य आतिशबाजी और भगवान श्रीराम की महाआरती कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे. समिति की नई युवा टीम के गठन के बाद यह पहला बड़ा आयोजन होगा.
कार्यक्रम के दौरान शाम को श्री बजरंग अखाड़े के साथ भगवान श्रीराम का रथ हनुमान मंदिर चौक से रवाना होगा. शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंचेगी और इसके बाद मंडी प्रांगण में संपन्न होगी. मंडी प्रांगण में भगवान श्रीराम एवं आमंत्रित अतिथियों का मंच पर आगमन होगा. इसके बाद नगर में गणेश उत्सव, दुर्गा उत्सव, भंडारे तथा सामाजिक झांकियां निकालने वाले संगठनों और समितियों का स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा.
समिति अध्यक्ष अनिल पटेल व मीडिया प्रभारी मुकेश बताया कि शाम 7 बजे भव्य आतिशबाजी के बीच 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा. रावण दहन के बाद भगवान श्रीराम की महाआरती की जाएगी. इसके साथ ही दशहरा उत्सव कार्यक्रम का समापन होगा.
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष अनिल पटेल ने बताया कि नई युवा समिति के गठन के बाद यह पहला कार्यक्रम है. समिति ने नगरवासियों से दशहरा उत्सव में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है.
