
जबलपुर। मझौली थाना अंतर्गत चौपड़ा मेन रोड पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देवरी अमगवां निवासी सुनील भूमिया (33) का साला दिलीप कुमार भूमिया (23), निवासी ग्राम मुड़ारी इंद्राना का उनसे मिलने उनके घर आया था। रात करीब 11:30 बजे दिलीप अपनी मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव जाने के लिए निकला था। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे जब सुनील ने दिलीप का हालचाल जानने के लिए उसके मोबाइल नंबर पर कॉल किया, तो फोन डायल 112 के पुलिस कर्मचारी ने उठाया। सड़क हादसे की सूचना दी। सुनील भूमिया घबराए हुए तुरंत शासकीय अस्पताल मझौली पहुंचे। वहां डॉक्टर ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी थी।
