
ग्वालियर, खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सोमवार को ग्वालियर बस स्टैंड पर जांच के दौरान 680 किलोग्राम मावा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं अपर कलेक्टर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गिरीश राजौरिया और सतीश कुमार धाकड़ ने वाहन क्रमांक MP06 GA 3281 की जांच की। वाहन में 17 डालियों में मावा रखा था। मावा मालिक मुरैना निवासी सुरेश गुप्ता से दो नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
शीतला माता मंदिर पर प्रसाद की दुकानों की जांच
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की दूसरी टीम ने शीतला माता मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकानों का निरीक्षण कर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच की। दुकानदारों को प्रसाद ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। पेड़ा, बर्फी और मिल्क केक को अधिक दिनों तक रखकर उपयोग नहीं करने की हिदायत भी दी गई।
