जूनी इंदौर मुक्तिधाम रेलवे अंडर ब्रिज सरवटे से गंगवाल बस स्टैंड मार्ग में सबसे बड़ी बाधा

इंदौर. शहर में मास्टर प्लान के तहत सड़कों का चौड़ीकरण जारी है. सैकड़ों मकान-दुकान हटाए जा चुके हैं, लेकिन सरवटे से गंगवाल बस स्टैंड मार्ग पर जूनी इंदौर मुक्तिधाम के पास रेलवे अंडर ब्रिज की कम ऊंचाई पूरे प्रोजेक्ट पर ही सवाल खड़े कर रही है. इस पुराने रेलवे अंडरब्रिज/पुल की ऊंचाई कम होना इस मार्ग के चौड़ीकरण और बड़े एवं भारी वाहनों (जैसे बसें और बड़े मालवाहक वाहन) की आवाजाही में एक बड़ी तकनीकी बाधा है.

मास्टर प्लान के तहत सरवटे से गंगवाल बस स्टैंड तक मार्ग चौड़ीकरण किया जा रहा है. मच्छी बाजार चौराहा, नया पीठ कागजीपुरा दरगाह चौराहा होते हुए गंगवाल बस स्टैंड तक सड़क का निर्माण किया गया है, वहीं जूनी इंदौर रावला से जूनी इंदौर मुक्तिधाम तक भी चौड़ीकरण कर सड़क बनाई गई है. लेकिन मुक्तिधाम के पास रेलवे पुल इस पूरी योजना की सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहा है. सवाल यह है कि सड़क चौड़ी होने के बाद इस हिस्से से वाहनों की आवाजाही कैसे होगी? रेलवे पुल की कम ऊंचाई के कारण बड़े वाहनों के निकलने में परेशानी आ सकती है. इस हिस्से में रेलवे विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण है, लेकिन अब तक पुल को लेकर वैकल्पिक मार्ग या अन्य समाधान की स्थिति स्पष्ट नहीं है, जबकि चौड़ीकरण के लिए सैकड़ों मकान-दुकान हटाए जा चुके हैं. ऐसे में सवाल है कि पूरी योजना तैयार करने से पहले रेलवे पुल की समस्या का समाधान क्यों नहीं किया गया? शहरवासियों और जानकारों का यह सवाल बना हुआ है कि सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और सैकड़ों मकान-दुकान तोड़ने से पहले रेलवे विभाग के साथ मिलकर पुल की ऊंचाई या नए ओवरब्रिज/अंडरब्रिज के विकल्प पर पुख्ता योजना क्यों नहीं बनाई गई. वर्षों बाद भी यह मार्ग अधूरा है. अब देखना होगा कि नगर निगम और रेलवे विभाग इस चुनौती से कैसे निपटते हैं.

यह बोले रहवासी…

जिस मार्ग के लिए सैकड़ों मकान उजाड़ दिए गए, वह आज भी अधूरा है. पहले विभाग को रेलवे ब्रिज की समस्या को दूर करना था, क्योंकि यह सबसे जटिल समस्या है, लेकिन जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान ही नहीं दिया.

– पुनीत पाण्डे

थोड़ी बरसात होते ही रेलवे क्रॉसिंग पुलिया का नीचे वाला हिस्सा जलमग्न होकर लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है. वैसे भी यह पुलिस इतनी नीचे है कि बड़े वाहन निकल ही नहीं सकते. इस समस्या को कैसे दूर किया जाएगा यह सबसे बड़ा सवाल है.

– मकसूद खान

सड़क चौड़ी होने से आम जनता को राहत तो मिलेगी, लेकिन रेलवे पुल पर रास्ता स्पष्ट नहीं हुआ तो पूरी योजना का लाभ कैसे मिलेगा? नगर निगम और रेलवे विभाग को मिलकर जल्द समाधान निकालना चाहिए.

– पंकज कुशवाह

Next Post

सड़क हादसे में दाउदपुर के दो युवकों की मौत, पसरा मातम

Tue Oct 20 , 2026
श्योपुर। जिले के विजयपुर क्षेत्र के दाउदपुर गांव के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत होने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में दिलीप कुशवाह, पिता श्रीनिवास कुशवाह और अंकित कुशवाह पिता भीमसेन कुशवाह की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा […]

You May Like