
इंदौर. निगम आयुक्त ने सोमवार को निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़कों का मौका निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मधुमिलन से छावनी जगन्नाथ धर्मशाला के मध्य मार्ग का काम जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए. साथ ही मालवीय नगर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करने के आदेश दिए.
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज सुबह मधुमिलन चौराहे से छावनी और मालवीय नगर की निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़कों का मौका निरीक्षण किया. निगम आयुक्त से अधिकारियों ने कहा कि निर्माणाधीन सड़क के दोनों ओर सीवरेज लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है. स्टॉर्म वाटर लाइन का काम चल रहा है. निरीक्षण के दौरान यातायात शुरु करने के लिए छावनी से मधुमिलन चौराहे को जोड़ने वाले रोड के मध्य शेष भाग को जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए. मालवीय नगर में निर्माणाधीन सड़क का स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य पूरा होने पर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरु करने के भी निर्देश दिए गए. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, जनकार्य विभाग अधिकारी, कंसलटेंट ,ठेकेदार एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
