सीहोर। नवरात्रि पर्व पर आईईएस पब्लिक स्कूल में गरबा महोत्सव में उत्साह, उमंग और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया. महोत्सव में 800 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर आयोजन को यादगार बना दिया.
गरबा महोत्सव का शुभारंभ चेयरपर्सन प्रो. सुनीता सिंह ने किया. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों के साथ अभिभावकों ने भागीदारी निभाई.
विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रंग-बिरंगे दीये, तोरण और अन्य सजावटी वस्तुओं की विशेष कला प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया. प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा भी सामने आई. चेयरपर्सन प्रो. सुनीता सिंह ने गरबा एवं डांडिया के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
