हैदराबाद, 19 अक्टूबर (वार्ता) मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी तमिलनाडु तट के ऊपर, समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
मौसम विभाग ने सोमवार को अपनी दैनिक मौसम रिपोर्ट में अनुमान लगाया कि अगले तीन दिनों के दौरान तेलंगाना के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान आ सकता है, जिसमें बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसी दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने के भी आसार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, 22 से 25 अक्टूबर तक तेलंगाना में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसमें यह भी कहा गया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में एक-दो जगहों पर बारिश हुई।