
सौंसर, हाइवे पर खुटांबा पुलिया के पास रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छिंदवाड़ा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही कार को जाोरदार टक्कर मार दी। घटना में कार चालक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कार सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना राविवार रात करीब 9 बजे की है। कार क्रमांक MP-28-TA-1050 में सवार होकर लोग नागपुर से छिंदवाड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम खुटांबा पुलिया के समीप छिंदवाड़ा की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक MH-40-CT-5566 ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कार चालक साजिद उर्फ संजू पिता अनीस मंसूरी 28 वर्ष, निवासी मोहन नगर, छिंदवाड़ा की अस्पताल ले जाने पर मौत हो गई। वहीं कार में सवार फुरकान पिता फारुख खान 20 वर्ष, शहनाज खान पति हमीद खान 62 वर्ष, मेहजबीन खान पति फारूख अहमद खान 45 वर्ष और फारूख अहमद खान पिता हमीद खान 46 वर्ष, सभी निवासी को-ऑपरेटिव बैंक कॉलोनी, छिंदवाड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें नागपुर रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही सौंसर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ट्रक को जब्त कर सुरक्षित खड़ा करवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टी आई रुपलाल उइके के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और एक्सीडेंट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई जारी है।
