जबलपुर। जबलपुर के रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पारले बिस्किट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्र की दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। फैक्ट्री में ज्वलनशील सामग्री, पैकेजिंग मटेरियल और खाद्य तेल होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों और मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पुलिस और औद्योगिक क्षेत्र के अधिकारी मौजूद हैं। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन हो सकेगा।
