जबलपुर: त्योहारों के सीजन में दुर्गा पंडालों में सुरक्षा को ताक पर रखकर की जा रही लापरवाही के खिलाफ बिजली विभाग और पुलिस ने कार्रवाई की है। केंट थाना अंतर्गत सदर बाजार में एक दुर्गा पंडाल में जनसुरक्षा को खतरे में डाला गया। काली दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में खुले और कटे-फटे तारों से की गई विद्युत सजावट पर पुलिस ने डेकोरेटर संजू सोनकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह पूरी कार्रवाई मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी पूर्व संभाग जबलपुर के कनिष्ठ अभियंता गौरव पाठक (40) के प्रतिवेदन पर हुई। कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि सदर की गली नंबर 7 में पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन के लिए हर दिन 500 से 600 श्रद्धालु, महिलाएं और छोटे बच्चे एकत्रित हो रहे हैं। ऐसे में डेकोरेटर संजू सोनकर द्वारा लाइटिंग और सजावट के लिए बेहद घटिया, कटे-फटे और पूरी तरह असुरक्षित बिजली के तारों का इस्तेमाल किया गया था। इस भयंकर लापरवाही से पंडाल में कभी भी करंट फैलने या कोई भीषण विद्युत दुर्घटना होने का सीधा खतरा बना हुआ था।
