
देवास। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नेमावर पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 3,450 रुपए नकद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
डायल-112 पर मिली सूचना, पुलिस ने की घेराबंदी-
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में नेमावर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि नेमावर के रेत नाका क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक टीना शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को पकड़ लिया।
ये पांच आरोपी पकड़े गए-
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनोद पिता सुखराम, दिनेश पिता बाबूलाल, शक्ति पिता गुरुप्रसाद मोरी निवासी नेमावर, शुभम देवड़ा निवासी साततलाई, जयसिंह सोलंकी निवासी नेमावर के रूप में हुई।
