ग्वालियर: दशहरा पर्व पर जुलूस, फूलबाग में रावण दहन और नवदुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए ग्वालियर यातायात पुलिस ने शहर के कई मार्गों पर डायवर्सन लागू किया है। जुलूस अचलेश्वर मंदिर से शुरू होकर दालबाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, शिंदे की छावनी और गुरुद्वारा होते हुए फूलबाग पहुंचेगा।
जुलूस के दौरान अचलेश्वर चौराहा, नदीगेट, राजपायगा, हुजरात पुल, पाटनकर चौराहा, स्काउट गेट, रॉक्सी पुल और नौगजा पर यातायात डायवर्ट रहेगा। फूलबाग आने वाले लोग लक्ष्मीबाई समाधि के सामने मैदान नंबर-2 और लाल-बाल-पाल चिड़ियाघर के सामने निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल पहुंच सकेंगे। मुरार-थाटीपुर से आने वाले वाहन तानसेन तिराहा, सिटी सेंटर, राजमाता तिराहा और एजी ऑफिस पुल होकर अचलेश्वर मंदिर की ओर जा सकेंगे।
नवदुर्गा विसर्जन के चलते भी कई रास्तों पर प्रतिबंध रहेंगे। कम्पू से बहोड़ापुर जाने वाले वाहन सिकंदर कम्पू, गिरवाई, गोल पहाड़िया और मोतीझील होकर निकल सकेंगे। बहोड़ापुर से फूलबाग और रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन जलालपुर-हजीरा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। वहीं, सागरताल मार्ग पर चार शहर का नाका से दोनों ओर का आवागमन बंद रहेगा। जलालपुर से सागरताल होकर बहोड़ापुर जाने वाले वाहनों को रितुराज होटल-मोतीझील मार्ग से निकलना होगा। ट्रांसपोर्ट नगर से सागरताल जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, पार्किंग नियमों का पालन करें और अनावश्यक जाम से बचने के लिए यात्रा की योजना पहले से बना लें।
