रीवा:जिले के समान थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकान में चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
गड़रिया में निर्माणाधीन मकान में हुई थी चोरी
समान थाना पुलिस के अनुसार 14 अक्टूबर को गड़रिया क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी व मुखबिर की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया। इस मामले में एक महिला की भी भूमिका सामने आई थी, जिसे पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पिंटू उर्फ समीम अंसारी गिरफ्तार
चोरी की घटना में शामिल दूसरे आरोपी समीम अंसारी उर्फ पिंटू पिता सलीम उम्र 25 वर्ष निवासी पोखरी टोला शारदापुरम को भी पुलिस ने धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से चाकू मिलने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस चोरी गया माल बरामद करने का प्रयास कर रही है।
