अंकारा, 17 अक्टूबर (वार्ता) तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन ने शनिवार को कहा कि देश का तैरता प्राकृतिक गैस उत्पादन मंच ‘उस्मान गाजी’ काला सागर के लिए रवाना हो गया है।
श्री अर्दोआन ने उत्तरी प्रांत जोन्गुलदाक के फिल्योस बंदरगाह से मंच की रवानगी के अवसर पर एक वीडियो संदेश में कहा, “आज हम अपने ऊर्जा इतिहास में एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। हम एक तैरती औद्योगिक इकाई उस्मान गाजी को काला सागर में उसके निर्धारित स्थान पर भेज रहे हैं।इसका उद्देश्य 2027 तक घरेलू गैस उत्पादन दोगुना करके प्रतिदिन दो करोड़ घन मीटर करना है।” उन्होंने बताया कि यह मंच साकर्या गैस क्षेत्र में काम करेगा, जहां समुद्र के भीतर से प्राप्त गैस का प्रसंस्करण कर उसे समुद्र के नीचे बिछी पाइपलाइनों के माध्यम से तट तक पहुंचाया जायेगा।
श्री अर्दोआन ने कहा कि काला सागर में प्राकृतिक गैस का उत्पादन बढ़कर प्रतिदिन दो करोड़ घन मीटर हो जायेगा। वर्ष 2027 से देश के हर तीन में से एक घर में घरेलू प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल होगा।
यह तैनाती घरेलू ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने और आयातित गैस पर निर्भरता कम करने की तुर्की की रणनीति का हिस्सा है। देश समुद्र में स्थित साकर्या गैस क्षेत्र को प्राकृतिक गैस आपूर्ति के प्रमुख स्रोत के रूप में विकसित कर रहा है।
तुर्की के संचार निदेशालय के अनुसार, 298.5 मीटर लंबा यह मंच 21 प्रसंस्करण इकाइयों से सुसज्जित है और इसमें 140 कर्मियों के रहने की व्यवस्था है। इसे समुद्र में लगातार 20 वर्षों तक काम करने के लिए तैयार किया गया है।
निदेशालय के अनुसार, इस मंच के परिचालन में आने के बाद साकर्या गैस क्षेत्र से उत्पादन बढ़कर प्रतिदिन दो करोड़ घन मीटर होने की उम्मीद है। इससे लगभग 80 लाख घरों की गैस संबंधी जरूरतें पूरी की जा सकेंगी। इसके तुर्की की अर्थव्यवस्था में सालाना 3.5 अरब डॉलर का योगदान देने का अनुमान है।
ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधन मंत्री अल्पार्सलान बायरक्तार ने रवानगी समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने उस्मान गाजी को तुर्की की पहली तैरती प्राकृतिक गैस प्रसंस्करण इकाई बताया।
श्री अर्दोआन ने कहा कि यह मंच देश की समुद्री और ऊर्जा रणनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे ‘ब्लू होमलैंड’ दृष्टिकोण के तहत पहली उत्पादन इकाई बताया, जो व्यापक ‘तुर्की की शताब्दी’ पहल का हिस्सा है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह परियोजना देश और उसके नागरिकों के लिए लाभकारी साबित होगी। साथ ही उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और मंच का संचालन करने वाले कर्मियों की सफलता की कामना की।
