
झाबुआ. झाबुआ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत रायपुरिया में आयोजित जन विश्वास शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क रजिस्ट्री प्रदान कर लाभान्वित किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार दिलाकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
शिविर के दौरान मंत्री सुश्री भूरिया ने रायपुरिया निवासी श्रीमती प्रियंका आशीष त्रिवेदी, निवासी 122, नीम चौक, रायपुरिया तथा ग्राम कनाकुआं निवासी श्री नानुडा पिता सडीया और श्री हरसिंह पिता कालू को निःशुल्क रजिस्ट्री प्रदान की। इसके माध्यम से हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्तियों के अधिकारों को कानूनी मान्यता प्रदान की जा रही है। इससे ग्रामीण नागरिकों को अपनी संपत्ति पर स्वामित्व का प्रमाण मिलता है तथा संपत्ति संबंधी विवादों को कम करने में भी सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, एसडीएम पेटलावद श्रीमती रीतिका पाटीदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
