भोपाल। लायंस क्लब गोल्ड फिजा भोपाल की ओर से शनिवार को अरेरा कॉलोनी स्थित 11 नंबर के पास साईं बाबा नगर के सावित्रीबाई फुले भवन में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर सामान्य स्वास्थ्य जांच और नेत्र परीक्षण कराया। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
लायन डॉ. शशि नायक ने आंखों में संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे मरीजों की संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि शिविर शुरू होते ही लोग चिकित्सा परामर्श के लिए पहुंचने लगे थे। शिविर का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई भी व्यक्ति उपचार और दवाइयों से वंचित न रहे।
डॉ. नायक ने बताया कि लायंस क्लब गोल्ड फिजा सामाजिक कल्याण के लिए नियमित रूप से विभिन्न गतिविधियां संचालित करता है। इनमें भोजन वितरण, महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम, शिक्षक दिवस समारोह और रक्तदान शिविर शामिल हैं। हाल ही में सलैया गांव में बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया था।
लायंस इंटरनेशनल के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन डॉ. प्रकाश सेठ ने कहा कि क्लब समय-समय पर इस तरह के शिविर आयोजित कर समाज सेवा और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास करता है।
शिविर में क्लब सचिव लायन सोनल जाज, कोषाध्यक्ष लायन प्रीति गुप्ता तथा सदस्य लायन रुखसाना खान, लायन जीवन लाल साहू, लायन शभा, लायन रवींद्र दुबे और लायन रोहित नगर उपस्थित रहे।
