सिंगरौली। जिले के गनियारी स्थित अंबेडकर चौक से बीजपुर मार्ग पर शनिवार को सीमेंट से लदे ट्रक के कारण लंबा जाम लग गया। सुबह 11:30 बजे से दोपहर करीब 1:30 बजे तक वाहन चालक जाम में फंसे रहे। सड़क पर लगभग डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
सीमेंट की दुकान पर माल पहुंचाने आए ट्रक के नो एंट्री में प्रवेश करने से यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंधित समय में ट्रक को अंदर आने की अनुमति दी गई, हालांकि इसकी अनुमति किसने दी, यह स्पष्ट नहीं है। जाम खुलवाने के लिए यातायात पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आवागमन बहाल कराया गया। घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि नो एंट्री के दौरान ट्रक को प्रवेश कैसे मिला और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
