
सीधी। नवरात्रि के पावन अवसर पर किड्स गणेश प्ले स्कूल, पड़रा में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ नवरात्रि उत्सव मनाया। इस अवसर पर बच्चों ने देवी दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों ने महिषासुर मर्दिनी के नाट्य मंचन के माध्यम से मां दुर्गा की शक्ति और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने डांडिया और गरबा नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति की मनमोहक झलक दिखाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री गणेश ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के एकेडमिक डायरेक्टर एवं एसजीएसएस स्कूल के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सहभागिता की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी बच्चों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। किड्स गणेश प्ले स्कूल की इंचार्ज कोमल वाधवानी ने कहा कि नवरात्रि उत्सव के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
इसी क्रम में एसजीएसएस स्कूल, पड़रा में भी नवरात्रि उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में एच.एम. माएमा सिमन्स, प्राइमरी कोऑर्डिनेटर रेखा शर्मा, साधना शर्मा, नाजिया बानो, प्रीति चतुर्वेदी, कृतिका गुप्ता, वीना सिंह और महिमा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
