
रीवा शहर में इन दिनों वाहन चोरों और खासकर बैटरी चोर गिरोह का आतंक चरम पर है। शातिर चोरो के द्वारा दो पहिया वाहनों से लेकर चार पहिया वाहनों और ट्रैक्टरों की बैटरियां निशाना बनाई जा रही हैं।
ताजा मामला शहर के बिछिया थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पीटीएस के समीप एक शातिर चोर ने घर के अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया, लेकिन शिकायत और पुख्ता सबूतों के बावजूद पुलिस अब तक अंधेरे में हाथ-पांव मार रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिछिया थाना क्षेत्र के पीटीएस के पास रहने वाले फरियादी तरुरेन्द्र शेखर के घर को चोरों ने निशाना बनाया।
रात के समय घर के पोर्च के नीचे खड़ी उनकी बुलेट मोटरसाइकिल की बैटरी को एक शातिर चोर ने बेहद चालाकी से पार कर दिया। सुबह जब पीड़ित ने अपनी गाड़ी देखी, तो उन्हें चोरी की घटना का पता चला।
फिलहाल चोरी की इस पूरी वारदात का लाइव फुटेज घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में चोर साफ तौर पर गाड़ी से बैटरी निकालते और रफूचक्कर होते हुए दिखाई दे रहा है।
घटना के तुरंत बाद फरियादी तरुरेन्द्र शेखर ने बिछिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को आरोपी का चेहरा स्पष्ट करने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया।
हालांकि, पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली का आलम यह है कि वारदात को बीते समय हो जाने और स्पष्ट वीडियो साक्ष्य होने के बावजूद, पुलिस अब तक चोर की पहचान नहीं कर पाई है और न ही इस गिरोह का सुराग लगा सकी है।
