भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक और प्रदेश प्रवक्ता रितेश त्रिपाठी ने नल-जल योजना के क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और निर्माण कार्यों में देरी को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने सतना, मैहर समेत प्रदेश के सभी जिलों की नल-जल परियोजनाओं की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच और खर्च, निर्माण कार्यों तथा वास्तविक जलापूर्ति का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।
मुकेश नायक के मुताबिक, सतना और मैहर में लगभग 3,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर खर्च के मुकाबले करीब 500 करोड़ रुपये के ही वास्तविक काम होने के आरोप हैं। उन्होंने मैहर की बाणसागर समूह जलप्रदाय योजना और सतना की एलएंडटी परियोजना की वित्तीय एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की। साथ ही, निर्धारित समयसीमा के बाद काम में देरी और संविदात्मक कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने को कहा।
कांग्रेस ने पाइपलाइन क्षति, सड़क मरम्मत, पाइप चोरी की एफआईआर और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से जुड़े आरोपों की भी जांच की मांग की। रितेश त्रिपाठी ने रामनगर के बड़ा इटमा गांव में पाइप चोरी मामले की निष्पक्ष जांच पर जोर दिया। नेताओं ने पंचायतवार पाइपलाइन, घरेलू कनेक्शन और नियमित जलापूर्ति का भौतिक सत्यापन कराने की मांग करते हुए कहा कि पेयजल योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।
