गरबा पंडालों में पुलिस का पहरा, 8 से ज्यादा मनचलों-बदमाशों पर कार्रवाई

इंदौर: नवरात्रि के गरबा आयोजनों में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. पंडालों के आसपास हुड़दंग और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 8 से अधिक मनचलों और बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. वहीं, नियमों का उल्लंघन करने पर दो गरबा आयोजनों की अनुमति भी निरस्त की जा चुकी है.
शहर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित गरबा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा पहुंच रहे हैं.

ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पंडालों के आसपास निगरानी बढ़ाई है. महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ शक्ति मोबाइल के जरिए भी लगातार भ्रमण किया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके. एसीपी रुबिना मिजवानी महिला पुलिसकर्मियों के साथ अलग-अलग गरबा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही हैं. इस दौरान आयोजकों को निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने और महिलाओं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए जा रहे हैं. पुलिस ने युवाओं को भी चेतावनी दी है कि किसी तरह की अभद्रता, हुड़दंग या संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ज्ञात हो कि नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी की जा रही है. गरबा आयोजनों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित आयोजकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है, मामले में एडिशनल डीसीपी ओम प्रकाश ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात है. गरबा पंडालों में महिला पुलिस और शक्ति मोबाइल के माध्यम से निगरानी की जा रही है. महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

लोकायुक्त जांच- प्रधान आरक्षक की चार और संपत्तियों का चला पता

Sat Oct 17 , 2026
इंदौर: पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान की संपत्तियों की जांच में लोकायुक्त को देवास जिले में चार और संपत्तियों की जानकारी मिली है. अब तक सामने आई 38 अचल संपत्तियों की गाइडलाइन कीमत 12.97 करोड़ रुपए और बाजार मूल्य 35.46 करोड़ रुपए आंका है. चल-अचल […]

You May Like

Play sound