उज्जैन। लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार सुबह माकड़ोन अनाज मंडी में कार्रवाई करते हुए मंडी उप निरीक्षक रोशन आर्य और उसके साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को 4 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि मंडी उप निरीक्षक सोयाबीन खरीदने वाले व्यापारी से प्रत्येक बोरी के हिसाब से 10 रुपये की मांग कर रहा था। रिश्वत नहीं देने पर सोयाबीन से भरी गाड़ी नहीं जाने देने की बात कही जा रही थी।कायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम रूपाखेड़ी निवासी व्यापारी योगेश राठौर ने 14 अक्टूबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह माकड़ोन मंडी से सोयाबीन खरीदता है और मंडी उप निरीक्षक रोशन आर्य उससे प्रत्येक बोरी के हिसाब से 10 रुपए मांगता है। व्यापारी का कहना था कि मंडी टैक्स देने के बावजूद उससे अतिरिक्त राशि की मांग की जा रही है कार्रवाई में रोशन आर्य, पिता पूनमचंद आर्य, निवासी ग्वालियर तथा संतोष भाटी, पिता प्रहलाद भाटी, निवासी माकड़ोन को पकड़ा गया। लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक ने उसका सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त की 10 सदस्यीय टीम ने आज सुबह ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। टीम मंडी परिसर पहुंची और जैसे ही व्यापारी ने 4,000 की रिश्वत रोशन आर्य को दी, उसने रकम अपने साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को थमा दी। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने दोनों को पकड़ लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली।
