नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चीनी की कीमतों में तेजी बनी रही। चीनी के साथ दालों के दाम भी बढ़ गए। चावल में नरमी और गेहूं में टिकाव देखा गया जबकि खाद्य तेलों में घट बढ़ रही।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 36 रुपये बढ़कर 5,375 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। गुड़ भी छह रुपये महंगा हुआ और 5,924 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 40 पैसे बढ़कर 57.82 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत नौ रुपये घटकर 4,265 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। गेहूं 2,895 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग अपरिवर्तित रहा। वहीं, आटे का भाव पांच रुपये गिर गया।
दाल-दलहनों में उड़द दाल की कीमत औसतन 60 रुपये और तुअर दाल की 54 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। चना दाल 23 रुपये और मसूर दाल 13 रुपये महंगी हुई। मूंग दाल का मूल्य कमोबेश पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही रहा।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज पाम ऑयल का दिसंबर वायदा 44 रिंगिट चढ़कर 4,769 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.25 प्रतिशत गिरकर 66.98 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल की औसत कीमत 25 रुपये प्रति क्विंटल टूट गई। सूरजमुखी तेल 16 रुपये और सरसों तेल 11 रुपये सस्ता हुआ। वनस्पति की कीमत 27 रुपये और पाम ऑयल की 16 रुपये बढ़ गई। सोया तेल नौ रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुआ।