रूस की तेल रिफाइनरियों पर फिर हमले करेगा यूक्रेन: जेलेंस्की

‘फाइनेंशियल टाइम्स’ को दिए साक्षात्कार में श्री जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका के अनुरोध पर यूक्रेन ने तीन दिन तक रूसी ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले सीमित रखे, जबकि रूस यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाता रहा। उन्होंने कहा कि अब यूक्रेन ऐसा नहीं करेगा।

श्री जेलेंस्की के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि यूक्रेन ने रूसी रिफाइनरियों पर हमले नहीं रोके तो खुफिया जानकारी साझा करना बंद किया जा सकता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालांकि यूक्रेन के साथ खुफिया जानकारी साझा करना रोकने की बात से इनकार किया है।

इस बीच, रूस ने यूक्रेन पर मॉस्को के दक्षिण-पूर्व में स्थित रियाजान की एक तेल रिफाइनरी पर बड़े हमले का प्रयास करने का आरोप लगाया। रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, चार मिसाइलों और दर्जनों ड्रोन को रोका गया, जबकि मलबा गिरने से रिफाइनरी परिसर में आग लग गई।

श्री जेलेंस्की ने कहा कि पिछले 24 घंटों में यूक्रेन के दर्जनों शहरों पर रूसी हमले हुए। उन्होंने कहा कि उनका देश रूसी ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने पर तभी विचार करेगा, जब अमेरिका अतिरिक्त पैट्रियट वायु रक्षा मिसाइलें उपलब्ध कराएगा। ईरान से जुड़े युद्ध के कारण अमेरिकी हथियार भंडार पर बढ़ते दबाव के बीच यूक्रेन इन प्रणालियों की कमी का सामना कर रहा है।

सेटेलाइट संचार सेवा स्टारलिंक के इस्तेमाल पर प्रतिबंधों को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद सामने आया है। श्री जेलेंस्की ने कहा कि ड्रोन की गति पर लगाई गई पाबंदियां तकनीकी खराबी का परिणाम नहीं, बल्कि जानबूझकर लिया गया फैसला थीं। हालांकि, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि सैन्य उपयोग वाली स्टारशील्ड सेवा पर लगाए गए प्रतिबंध हटा लिए गए हैं और उनके कारणों की जांच जारी है।

श्री जेलेंस्की ने बुधवार को लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम से मुलाकात की। इस दौरान ब्रिटेन ने यूक्रेन को हल्की बहुउद्देशीय मिसाइलों की आपूर्ति तेज करने की घोषणा की। यूरोपीय नेता भी कीव के समर्थन में सामने आए हैं और इस विवाद पर गुरुवार को ब्रसेल्स में होने वाले शिखर सम्मेलन में चर्चा होने की संभावना है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अमेरिका और रूस के बीच रूसी डीजल की 3,00,000 टन आपूर्ति से जुड़े समझौते की भी आलोचना की। उनका कहना है कि इससे रूस के युद्ध प्रयासों को वित्तीय सहायता मिल सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि मॉस्को के साथ आगे गैस आपूर्ति से जुड़े समझौते भी हो सकते हैं।

श्री जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ संबंधों में तनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते सप्ताह की घटनाओं के बाद रिश्तों को सुधारने की जिम्मेदारी केवल उनकी नहीं है। उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जैसे नेताओं के प्रति श्री ट्रंप के कथित झुकाव की भी आलोचना की।

 

Next Post

जियो ने आईपीओ का मूल्य तय करने के साथ घोषित की भविष्य के विस्तार की वृहद योजना

Thu Oct 15 , 2026
मुंबई, 15 अक्टूबर (वार्ता) रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) ने 21 अक्टूबर को खुल रहे अपने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के मूल्य का दायरा तय करने के साथ ही गुरुवार को भविष्य के विस्तार की एक वृहद योजना की घोषणा की । इस आईपीओ से कंपनी […]

You May Like

Play sound