मुरैना: मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छौंदा पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन युवक को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मृतक की पहचान नूराबाद थाना क्षेत्र के लोहगढ़ गांव निवासी 28 वर्षीय ऐदल सिंह कुशवाह, पुत्र नवल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, ऐदल सिंह गुरुवार सुबह मुरैना में सामान खरीदने और एक फॉर्म के लिए फोटो खिंचवाने आया था। वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान छौंदा पुल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आधे घंटे से ज्यादा समय तक जाम और हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिसकर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने विरोध करते हुए उन्हें रोक दिया।
सीसीटीवी से वाहन की पहचान करने का आश्वासन
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे और जाम खुल सका।
