जबलपुर ।विजय नगर थाना अंतर्गत सनातन चौक के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग मेें सोती हुई मासूम का अपहरण करने के बाद उसके साथ हैवानियत व दरिंदगी की गई थी। इसके अलावा उसकी हत्या की भी कोशिश की गई थी। मामले में पुलिस ने गुरूवार को दरिंदे को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या के प्रयास और पॉक्सो की धाराएं बढ़ा दी गई है।विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि मूलत: कटनी निवासी पति-पत्नी अपनी दो साल की बेटी के साथ काम की तलाश में जबलपुर आए थे और विजयनगर सनातन चौक में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी कर रह रहे थे
9 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे नाबालिग बच्ची अपने परिवार के साथ सो रही थी। इसी दौरान वह अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई थी। बच्ची के न मिलने से घबराए परिजनों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची मिल तो गई थी लेकिन उसकी हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए थे। पुलिस ने शुरुआत में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज किया। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले में आरोपी आशीष पटेल निवासी दमोह को गिरफ्तार कर लिया है।
जिसने हैवानियत की कोशिश करने के साथ उसकी हत्या का भी प्रयास किया था। मेडिकल परीक्षण और विस्तृत विवेचना के बाद पुलिस ने मामले में बालात्संग, हत्या का प्रयास, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी अधिनियम की संगीन धाराएं बढ़ा दी हैं। आरोपी आशीष पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए आरोपित के खिलाफ आठ अपराध पूर्व से दर्ज है। जिसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जायेगा।
