इंदौर: हीरानगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं. बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है. पुलिस ने आरोपी को एमआर-10 ब्रिज के पास सर्विस रोड से पकड़ा था.13 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमआर-10 ब्रिज के पास सर्विस रोड पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में मोटरसाइकिल लेकर खड़ा है. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की. पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया.
मोटरसाइकिल की जांच करने पर वह हीरानगर थाना क्षेत्र से चोरी गई निकली. इसके बाद पुलिस ने वाहन बरामद कर आरोपी से पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने हीरानगर क्षेत्र से चोरी गई मोटरसाइकिल के अलावा दो अन्य मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दोनों वाहन भी बरामद कर लिए.
बरामद वाहनों में एक हीरो पैशन प्लस और दो होंडा साइन मोटरसाइकिल शामिल हैं. दोनों होंडा साइन बाइक बिना नंबर प्लेट के मिली हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय कालू पिता मेहरु मेढ़ा, के रूप में हुई है. वह धार जिले की गंधवानी तहसील के ग्राम होलीबेडा में रहने वाला है. पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है. एसीपी रुबिना मिजवानी ने बताया आरोपी से तीन चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं. उससे पूछताछ की जा रही वहीं मामले में आगे की जांच की जा रही है.
