इंदौर:एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के झालावाड़ से बैकवर्ड सप्लायर को गिरफ्तार किया है. किला मैदान रोड पर 12 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उस तक पहुंची.क्राइम ब्रांच ने भैरव मंदिर के सामने किला मैदान रोड पर संदिग्ध अल्टो कार सवार समीर पटेल उम्र 22 साल और आबिर उर्फ आबिद अली उम्र 26 साल को पकड़ा था. तलाशी में उनके पास से 12 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली थी. पुलिस ने ड्रग्स की कीमत करीब 1.20 लाख रुपए और कार की कीमत दो लाख रुपए आंकी थी, जब्ती 3.20 लाख रुपए की थी.
जांच के दौरान बैकवर्ड लिंकेज और तकनीकी साक्ष्यों से कालू उर्फ शाहिद खान उम्र 26 साल रहने वाला झालावाड़, राजस्थान की भूमिका सामने आई. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने झालावाड़ में दबिश देकर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने पहले गिरफ्तार दोनों आरोपियों को एमडी ड्रग्स की आपूर्ति करना स्वीकार किया है. इसके बाद मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 भी जोड़ी गई. आरोपी पांचवीं तक पढ़ा है और खेती-किसानी करता है. उससे ड्रग्स के मूल स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है. डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झालावाड़ से बैकवर्ड सप्लायर को गिरफ्तार किया है. मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है
